
PARDARSHI VIKASH NEWS प्रयागराज। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव रविवार को दो दिवसीय दौरे पर प्रयागराज पहुंचे। एयरपोर्ट पर बड़ी संख्या में मौजूद पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। एयरपोर्ट से निकलते समय अखिलेश यादव ने हाथ हिलाकर समर्थकों का अभिवादन किया और इसके बाद होटल रुद्राक्ष के लिए रवाना हो गए, जहां उन्होंने प्रेस वार्ता की।यह दौरा 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अपने प्रवास के दौरान अखिलेश यादव स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ संगठन की मजबूती, बूथ प्रबंधन और आगामी चुनावी रणनीति पर चर्चा करेंगे।रविवार शाम वह प्रतापपुर विधायक विजमा यादव के आवास जाएंगे। इसके बाद करेली क्षेत्र में अधिवक्ता सैय्यद इफ्तिखार हुसैन के आवास पर मुलाकात करेंगे। प्रयागराज में ही रात्रि विश्राम करने के बाद सोमवार को होटल रेडिसन में आयोजित 'विजन इंडिया' बैठक में शामिल होंगे। इसके बाद प्रेस वार्ता करेंगे और फिर अल्लापुर स्थित विधायक संदीप पटेल के आवास पहुंचेंगे।अखिलेश यादव के आगमन को लेकर प्रयागराज एयरपोर्ट के बाहर सुबह से ही सपा कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। उन्हें रिसीव करने के लिए गाड़ियों का बड़ा काफिला भी एयरपोर्ट परिसर में मौजूद रहा। पार्टी पदाधिकारियों का मानना है कि इस दौरे से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को गति मिलेगी।