
PARDARSHI VIKASH NEWS प्रयागराज में गुरुवार सुबह हिस्ट्रीशीटर सक्षम पांडा (35) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने फोन कर सक्षम को घर से करीब 500 मीटर दूर बुलाया और उस पर ताबड़तोड़ 5 गोलियां दाग दीं। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।यह वारदात शहर के मुट्ठीगंज थाना क्षेत्र में हुई। पुलिस ने मुख्य आरोपी भोले पंजाबी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि एक दिन पहले संगम क्षेत्र में उसकी पूजा-पाठ की गुमटी में आग लगा दी गई थी, जिसे लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। इसी विवाद के बाद उसने सक्षम को बातचीत के बहाने बुलाया और गोली मार दी।सक्षम पांडा घाटों पर पूजा-पाठ कराने का काम करता था और उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। परिजनों के अनुसार, बुधवार रात वह परिवार के साथ घर पर था, लेकिन गुरुवार सुबह किसी का फोन आने के बाद घर से निकला था। कुछ देर बाद परिवार को उसकी हत्या की सूचना मिली।परिजनों ने आरोप लगाया कि मार्च महीने में भी सक्षम पर जानलेवा हमला हुआ था। उस मामले में विमल पांडा और भोले पंजाबी समेत कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था। भोले पंजाबी हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आया था।पुलिस आसपास के CCTV फुटेज खंगाल रही है और घटना में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।