news-details

प्रतिबंधित मार्ग पर डंपर ने महिला को कुचला, मौके पर मौत

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS कानपुर देहात में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला। अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र में भारी वाहनों के लिए प्रतिबंधित मार्ग पर एक डंपर ने सड़क किनारे चाय की दुकान चलाने वाली महिला को कुचल दिया। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना रविवार सुबह करीब चार बजे माती रोड स्थित जिला अस्पताल मोड़ के पास हुई।मृतका की पहचान 36 वर्षीय अंजू देवी के रूप में हुई है। वह सड़क किनारे चाय की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करती थीं। रोज की तरह वह सुबह दुकान पहुंचीं और साफ-सफाई के बाद कूड़ा फेंकने के लिए सड़क पार कर रही थीं। इसी दौरान मिट्टी से भरे तेज रफ्तार डंपर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।परिजनों और स्थानीय दुकानदारों के अनुसार, हादसे के बाद करीब एक घंटे तक डंपर महिला के ऊपर ही खड़ा रहा। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि अंजू देवी की मौके पर ही मौत हो गई और शव बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने डंपर हटवाकर शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया।मृतका के भाई धर्मेंद्र ने बताया कि अंजू देवी पति से तलाक के बाद ग्राम तिगांई में मायके पक्ष के साथ रह रही थीं। वह चाय की दुकान चलाकर अपना जीवनयापन कर रही थीं। रविवार सुबह भी वह रोज की तरह दुकान पर पहुंची थीं, लेकिन कूड़ा डालने के दौरान यह हादसा हो गया।स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस मार्ग पर हादसा हुआ, वहां लगातार दुर्घटनाओं के चलते भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया था। इसके बावजूद ट्रक और डंपर धड़ल्ले से गुजरते हैं, जिससे हादसों का खतरा बना रहता है।अकबरपुर कोतवाली प्रभारी हरमीत सिंह ने बताया कि डंपर को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।