news-details

पेपर लीक से युवाओं का भविष्य बर्बाद कर रही सरकार: सांसद

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। सांसद किशोरी लाल शर्मा ने भाजपा सरकार पर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। जिला कांग्रेस कमेटी के राजीव गांधी सभागार, गौरीगंज में आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने नीट परीक्षा, भर्ती परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा।सांसद ने कहा कि परीक्षाओं में लगातार हो रही गड़बड़ियों से युवाओं में निराशा बढ़ रही है। उन्होंने दावा किया कि पिछले 12 वर्षों में राष्ट्रीय स्तर की 23 परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक हुए हैं। नीट परीक्षा का जिक्र करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि लाखों अभ्यर्थियों के भविष्य से खिलवाड़ हुआ है और जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई।किशोरी लाल शर्मा ने कहा कि पेपर लीक की घटनाओं के कारण छात्र मानसिक तनाव से गुजर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की कमी के चलते युवाओं का भरोसा कमजोर हो रहा है। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में सुधार, सरकारी स्कूलों को मजबूत करने और खाली पड़े शिक्षक पदों को भरने की मांग की।सांसद ने कहा कि कांग्रेस छात्रों की समस्याओं को लेकर आवाज उठा रही है और शिक्षा व्यवस्था को जवाबदेह बनाने के लिए प्रयास कर रही है। उन्होंने श्रीराम मंदिर चढ़ावे से जुड़े कथित मामले की निष्पक्ष जांच की भी मांग उठाई।प्रेसवार्ता में जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप सिंघल, पूर्व एमएलसी दीपक सिंह, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष सुमित तिवारी, युवा कांग्रेस अध्यक्ष शुभम सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।