news-details

नवनिर्मित जिला कारागार का डीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण

You can share this post!

990 बंदियों की क्षमता वाले कारागार के निर्माण कार्य की गुणवत्ता परखी, संबंधित विभाग को जल्द हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश

 


 

रविवार को जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने  नवनिर्मित जिला कारागार का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्य की गुणवत्ता, उपलब्ध सुविधाओं तथा विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूरी करते हुए जिला कारागार को संबंधित विभाग को हस्तांतरित करने की प्रक्रिया जल्द से जल्द प्रारंभ करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सर्वप्रथम जिला कारागार के मॉडल का अवलोकन किया। इसके बाद उन्होंने कारागार परिसर में निर्मित बैरकों, आवासीय क्षेत्र, हाई सिक्योरिटी बैरक, विद्युत कनेक्शन, शौचालय, रसोईघर, पाठशाला, वॉच टावर मल्टीपर्पज हॉल तथा गोदाम सहित विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता के साथ ही कारागार में उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं एवं सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कारागार से जुड़ी सभी आवश्यक व्यवस्थाओं का समुचित परीक्षण सुनिश्चित किया जाए, ताकि हस्तांतरण की प्रक्रिया में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो। उन्होंने कार्यदायी संस्था से निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए शेष आवश्यक औपचारिकताओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने पर जोर दिया। उल्लेखनीय है कि जनपद अमेठी में नवनिर्मित जिला कारागार का निर्माण कार्य उत्तर प्रदेश लोक निर्माण विभाग, क्षेत्र अयोध्या द्वारा कराया गया है। इस जिला कारागार की क्षमता 990 बंदियों की है। निरीक्षण के दौरान कार्यदायी संस्था के अधिशासी अभियंता उमेश चंद्रा ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि जिला कारागार का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। निर्माण कार्य पूर्ण होने की जानकारी के बाद जिलाधिकारी ने संबंधित कार्यदायी संस्था को आवश्यक प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर कारागार को संबंधित विभाग को हस्तांतरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता एवं व्यवस्थाओं का समुचित परीक्षण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया, जिससे कारागार का संचालन शुरू करने की दिशा में आगे की कार्रवाई समयबद्ध ढंग से की जा सके। निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता उमेश चंद्रा, उप जिलाधिकारी गौरीगंज दिशा श्रीवास्तव सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।