
पारदर्शी विकास न्यूज़ सुलतानपुर। नगर पालिका परिषद परिसर में नवनिर्मित कार्यालय भवन और स्टोर रूम का लोकार्पण पालिकाध्यक्ष प्रवीन कुमार अग्रवाल ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच किया। नए भवनों के निर्माण से सफाई, मार्ग प्रकाश और अन्य विभागों के कार्यों को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी।पालिकाध्यक्ष ने बताया कि सफाई और मार्ग प्रकाश विभाग के पास पर्याप्त स्टोर रूम नहीं होने से चूना, सफाई उपकरणों और स्ट्रीट लाइट से संबंधित सामग्री के सुरक्षित रखरखाव में परेशानी होती थी। इसके अलावा लेखा अनुभाग के महत्वपूर्ण अभिलेखों को सुरक्षित रखने के लिए भी उचित स्थान की कमी थी। जन्म-मृत्यु पंजीकरण पटल सहित अन्य कार्यालयों के संचालन के लिए अतिरिक्त कक्षों की जरूरत थी।इन समस्याओं को दूर करने के लिए पुराने जर्जर भवन के स्थान पर दो स्टोर रूम, शौचालय और यूरिनल सहित तीन नए कार्यालय कक्षों का निर्माण कराया गया है। इससे आवश्यक सामग्री के रखरखाव और अभिलेखों के संरक्षण में सुविधा होगी।उन्होंने बताया कि नवनिर्मित भवन में सफाई संघ के लिए भी एक कक्ष आरक्षित किया गया है। इससे सफाई कर्मचारियों को अपनी समस्याओं पर चर्चा करने और हितों से जुड़े मुद्दे उठाने के लिए उचित स्थान मिलेगा। लोकार्पण समारोह में सहायक अभियंता संतोष कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।