
अमेठी/भादर। बुधवार को छीड़ा पंचायत भवन में सती महारानी जनकल्याण समिति के तत्वावधान में अमेठी आई हॉस्पिटल के सहयोग से विशाल नेत्र शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में आसपास के क्षेत्रों से आए 275 लोगों की ओपीडी कर उन्हें चिकित्सकीय परामर्श एवं प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया। वहीं, 22 लोगों में मोतियाबिंद के लक्षण पाए जाने पर उन्हें ऑपरेशन हेतु अमेठी आई हॉस्पिटल भेजा गया। शिविर में अमेठी आई हॉस्पिटल के कुशल चिकित्सकों द्वारा मरीजों की नेत्र जाँच कर आवश्यक परामर्श एवं उपचार प्रदान किया गया। इस अवसर पर समिति की अध्यक्ष एवं अमेठी की पूर्व विधायक महारानी गरिमा सिंह के पुत्र अनंत विक्रम सिंह एवं उनकी पत्नी शांभवी सिंह उपस्थित रहे। उन्होंने नेत्र रोगियों को बेहतर चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने में सहयोग किया। पत्रकारों से बातचीत करते हुए अनंत विक्रम सिंह ने कहा, “अमेठी हमारे लिए केवल एक क्षेत्र नहीं, बल्कि हमारी जड़ों, संस्कारों और आत्मीय रिश्तों की धरती है। यहाँ के लोगों का स्नेह और विश्वास हमारी सबसे बड़ी पूँजी है। हमारा प्रयास है कि जनसेवा के माध्यम से जरूरतमंदों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया जाए। सती महारानी जनकल्याण समिति के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं और जनकल्याणकारी कार्यों को गाँव-गाँव तक पहुँचाने का प्रयास निरंतर जारी रहेगा। साथ ही, अमेठी के विकास के लिए हम सदैव प्रतिबद्ध हैं।” वहीं, शांभवी सिंह ने कहा, “अमेठी के लोगों से हमारा रिश्ता आत्मीयता और अपनत्व का है। किसी जरूरतमंद को समय पर उपचार मिलना और किसी परिवार के चेहरे पर राहत की मुस्कान देखना ही जनसेवा की सच्ची सार्थकता है। हमारा संकल्प है कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुँचे और क्षेत्रवासियों के सुख-दुःख में सहभागी बनकर सेवा के इस कार्य को आगे बढ़ाया जाए।” नेत्र शिविर के साथ विभिन्न विभागों की जनसमस्या समाधान गोष्ठी भी आयोजित की गई, जिसमें आवास, पेंशन, बिजली सहित अन्य बुनियादी समस्याओं पर ग्रामीणों से चर्चा कर उनके समाधान के प्रयास किए गए। इस दौरान क्रीड़ा विभाग के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। सती महारानी जनकल्याण समिति की ओर से बताया गया कि क्षेत्र की विभिन्न न्याय पंचायतों में इस प्रकार के जनकल्याणकारी शिविर आयोजित करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि जरूरतमंद लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं एवं सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके। कार्यक्रम की क्षेत्रवासियों ने सराहना की। इनकी रही उपस्थिति कार्यक्रम में प्रधान विनोद कुमार कन्नौजिया, पवन ओझा,मंडलअध्यक्ष दिलीप विश्वकर्मा,कौसल दुबे ,सुरेन्द्र वर्मा,विकास तिवारी, दिनेश मणि पांडेय,राम अभिलाष यादव,सजनलाल जायसवाल,जय प्रकाश यादव,जय शंकर गुप्ता,पेशकार वर्मा, प्रमोद सिंह, अमन पटेल, रिंकू सिंह,महेंद्र सिंह,अजय सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।अमेठी से आत्मीय रिश्ता, जनसेवा का संकल्प और जरूरतमंदों के जीवन में राहत लाने का प्रयास—इन्हीं भावनाओं के साथ सती महारानी जनकल्याण समिति सामाजिक सरोकारों को आगे बढ़ाने और अमेठी के विकास में अपना योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध है।