
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। कानपुर दक्षिण क्षेत्र के नागरिकों ने नाला सफाई कार्यों में अनियमितता का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन देने की घोषणा की है। नागरिकों का कहना है कि यदि सफाई कार्य मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया तो दक्षिण क्षेत्र में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि नगर निगम हर वर्ष नाला सफाई पर करोड़ों रुपये खर्च करता है, लेकिन कई स्थानों पर सफाई कार्य केवल कागजों तक सीमित दिखाई देता है। उन्होंने रतनलाल नगर से शास्त्री चौक, जनता नगर पुलिस चौकी से बरा बाईपास, नटराज टॉकीज से परमपुरवा और रतनलाल नगर नाले की सफाई की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। नागरिकों ने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित अधिकारी नियमित निरीक्षण नहीं करते और वर्षों से एक ही स्थान पर तैनात अधिकारियों के स्थानांतरण की आवश्यकता है। साथ ही नालों से निकाली गई सिल्ट को शीघ्र हटाने और सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति की जांच कराने की भी मांग उठाई गई है। ज्ञापन देने वालों में रमेश सिहवानी, सतीश रोचलानी, कमल आहूजा, राकेश दयाल, विमला चौहान, हाजी मोहम्मद अहमद, आतिक रहमान, रति नायर, रुबी गुप्ता, रजना सेगर और सावित्री पासवान सहित कई नागरिक शामिल हैं।