
PADARSHI VIKASH NEWS मथुरा की राधेश्याम कॉलोनी स्थित नई मस्जिद के पास रविवार को एक जर्जर विद्युत खंभा अचानक भरभराकर एक मकान पर गिर पड़ा। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन स्थानीय चिकित्सक डॉ. याकूब अहमद की क्लीनिक की छत का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। सड़क पर खंभा गिरने से आवागमन भी प्रभावित रहा और लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।स्थानीय लोगों का कहना है कि यह बिजली खंभा लंबे समय से जर्जर हालत में था और उस पर भारी संख्या में बिजली के तारों का दबाव था। क्षेत्रवासियों ने आरोप लगाया कि कई बार बिजली विभाग को शिकायत देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई। डॉ. याकूब अहमद ने बताया कि उन्होंने भी अधिकारियों को कई बार खंभे की खराब स्थिति से अवगत कराया था, लेकिन विभाग ने इसे गंभीरता से नहीं लिया।घटना के बाद देर रात तक न तो गिरे हुए खंभे को हटाया गया और न ही नया खंभा लगाने का कार्य शुरू हो सका। लोगों ने प्रशासन और विद्युत विभाग से मांग की है कि कॉलोनी की बिजली व्यवस्था को सुरक्षित बनाया जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।