
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार निर्वाचक नामावली में पंजीकरण से छूटे हुए पात्र नागरिकों तथा पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं के नाम शामिल करने के उद्देश्य से जनपद में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में दिनांक 24 अक्टूबर 2026 (शनिवार) को जनपद के प्रत्येक मतदेय स्थल पर विशेष कैम्प आयोजित किया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने सर्वसाधारण को सूचित करते हुए बताया कि विशेष कैम्प के दौरान सभी बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) प्रातः 10:00 बजे से अपराह्न 4:00 बजे तक अपने निर्धारित मतदेय स्थलों पर उपस्थित रहेंगे। इस दौरान पात्र नागरिक निर्वाचक नामावली में अपना नाम शामिल कराने के लिए आवश्यक आवेदन एवं अभिलेख प्रस्तुत कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि नाम जुड़वाने के इच्छुक नागरिक विशेष कैम्प में अपनी अद्यतन फोटो, जन्मतिथि एवं निवास से संबंधित अभिलेखों की स्व-प्रमाणित छायाप्रतियां लेकर पहुंचें। इसके अतिरिक्त, यदि परिवार के किसी सदस्य का मतदाता फोटो पहचान पत्र (EPIC) नंबर उपलब्ध हो, तो उसे भी साथ लाएं, जिससे पंजीकरण की प्रक्रिया में सुविधा हो सके। जिला निर्वाचन अधिकारी ने पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे इस विशेष अभियान का लाभ उठाते हुए मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए निर्धारित तिथि पर अपने संबंधित बूथ पर पहुंचें। विशेष रूप से पहली बार मतदाता बनने वाले युवा एवं महिला मतदाता तथा ऐसे पात्र नागरिक, जिनका नाम अभी तक निर्वाचक नामावली में शामिल नहीं हो सका है, वे इस अवसर का लाभ उठाएं।