
PARDARSHI VIKASH NEWS कानपुर देहात के बरौर थाना क्षेत्र के थनवापुर गांव में एक महिला पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर किया गया है। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।जानकारी के अनुसार, महिला का पति रेलवे में वेंडर का काम करते हैं और अक्सर घर से बाहर रहते हैं। घटना के समय महिला घर में अकेली थी। आरोप है कि इसी दौरान एक युवक घर में घुसा और महिला के गले पर कुल्हाड़ी से कई वार कर दिए। हमला करने के बाद आरोपी महिला को घायल अवस्था में छोड़कर फरार हो गया।घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में हमले का आरोप महिला के पारिवारिक भतीजे अभिनेष कुमार पर लगाया गया है।बरौर थाना प्रभारी ने बताया कि पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी को शक था कि महिला द्वारा किए गए तंत्र-मंत्र के कारण उसके भाई की पिछले महीने सड़क हादसे में मौत हुई थी। इसी शक के चलते उसने हमला किया।पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। आरोपी की तलाश में पुलिस टीमों को लगाया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।