news-details

महिला आयोग शिकायतों के लिए बनाएगा अपना ऐप

You can share this post!


पारदर्शी विकास न्यूज़  लखनऊ। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग महिलाओं की शिकायतें दर्ज कराने की प्रक्रिया आसान बनाने के लिए अपना ऐप तैयार करने की योजना बना रहा है। इसके जरिए महिलाएं घर बैठे अपनी शिकायत आयोग तक पहुंचा सकेंगी। आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान ने शुक्रवार को गोमतीनगर स्थित आयोग परिसर में मासिक समीक्षा बैठक के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ऐप बनाने का उद्देश्य महिलाओं को शिकायत दर्ज कराने के लिए कार्यालय आने की परेशानी से बचाना है। फिलहाल महिलाएं ईमेल, व्हाट्सऐप, डाक और व्यक्तिगत रूप से शिकायतें भेज सकती हैं। ऐप शुरू होने के बाद शिकायत दर्ज कराने का एक और सुविधाजनक माध्यम उपलब्ध होगा।बैठक में प्रदेशभर में आयोजित जनसुनवाई, वन स्टॉप सेंटर, महिला चिकित्सालयों, महिला बंदीगृहों और कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों के निरीक्षण की रिपोर्ट की समीक्षा की गई। महिला सुरक्षा, संस्थानों में उपलब्ध सुविधाओं और शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण पर चर्चा हुई। जरूरत के अनुसार संबंधित विभागों को पत्र भेजने के निर्देश भी दिए गए।डॉ. चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री से महिला हितों से जुड़े विषयों पर मार्गदर्शन लिया जाता है। बैठक में आयोग की उपाध्यक्ष चारु चौधरी सहित अन्य सदस्य और अधिकारी मौजूद रहे। उपाध्यक्ष अपर्णा यादव बैठक में शामिल नहीं हुईं।