
PARDARSHI VIKASH NEWS महोबा। प्रदेश सरकार ने बीहड़, बंजर और जलभराव वाले क्षेत्रों को खेती योग्य बनाने के लिए पं. दीनदयाल उपाध्याय किसान समृद्धि योजना के तहत वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना को प्रशासनिक स्वीकृति दे दी है। योजना के अंतर्गत महोबा सहित पूरे बुंदेलखंड को प्राथमिकता दी जाएगी, जिससे अनुपयोगी भूमि को उपजाऊ बनाकर किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण रोजगार सृजन को गति मिलेगी। शासनादेश के अनुसार प्रदेश में 43,850 हेक्टेयर क्षेत्र का उपचार किया जाएगा। इसमें 35,600 हेक्टेयर बीहड़ एवं बंजर भूमि का सुधार तथा 8,250 हेक्टेयर जलभराव क्षेत्रों का उपचार और वृक्षारोपण शामिल है। योजना पर कुल 113 करोड़ रुपये से अधिक व्यय प्रस्तावित है।
महोबा, हमीरपुर, बांदा, चित्रकूट, झांसी और ललितपुर जैसे बुंदेलखंडी जनपदों को योजना के क्रियान्वयन में विशेष प्राथमिकता दी गई है। योजना के तहत भूमि समतलीकरण, चेकडैम निर्माण, जल संरक्षण, जल निकासी नालों का निर्माण, कृषि वानिकी और फसल उत्पादन बढ़ाने से जुड़े कार्य कराए जाएंगे।