
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। बसपा के वरिष्ठ नेता जितेंद्र मिश्र ने बुधवार को कार्यकर्ताओं के साथ जनसंपर्क कर नौ अक्टूबर को लखनऊ में पार्टी संस्थापक कांशीराम की पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोगों के पहुंचने की अपील की। उन्होंने सर्वसमाज से बसपा को मजबूत करने का आह्वान किया। जितेंद्र मिश्र ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में ब्राह्मण समाज की उपेक्षा हो रही है और प्रदेश में सबसे अधिक एनकाउंटर ब्राह्मणों के हुए हैं। उन्होंने कहा कि बसपा की नीति ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ है और पार्टी की सरकार बनने से सभी वर्गों को लाभ मिल सकता है।उन्होंने कहा कि वर्ष 2007 में मायावती ने ब्राह्मण समाज को बड़ी संख्या में टिकट देकर राजनीतिक भागीदारी दी थी। कई विधायकों को मंत्री बनाया गया और चुनाव हारने वाले कुछ नेताओं को भी दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री बनाया गया। उन्होंने बसपा शासनकाल में हुए विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। इस दौरान संजय कुमार, संतोष दुबे, बबलू तिवारी, लक्ष्मण प्रसाद, शमशेर बौद्ध सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।