
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। दीपावली और अन्य त्योहारों के मद्देनजर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जगदीशपुर में मिठाई की दुकानों का निरीक्षण किया। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग तथा जिलाधिकारी शशांक चौधरी के निर्देश पर शुक्रवार को संयुक्त टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों की जांच की।निरीक्षण के दौरान मनसा स्वीट्स, राजू लस्सी, रघुकुल स्वीट्स और राजस्थानी स्वीट्स का जायजा लिया गया। जांच में मनसा स्वीट्स, राजू लस्सी और रघुकुल स्वीट्स पर मिठाइयों की ‘यूज बाय डेट’ यानी उपयोग की अंतिम तिथि का अनुपालन होता पाया गया। वहीं, राजस्थानी स्वीट्स में इस नियम का पालन नहीं किया जा रहा था। इस पर प्रतिष्ठान संचालक को निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने के सख्त निर्देश दिए गए।खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग की ओर से खाद्य कारोबारियों को नियमों का पालन करने तथा उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के प्रति सतर्कता बरतने के निर्देश दिए जा रहे हैं।