
Pardarshi Vikas News Ayodhya
हैरिंग्टनगंज स्थित मोतीगंज चौकी परिसर में सशक्त नारी मिशन (फेज-5) के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देना रहा। आयोजन की अध्यक्षता बीकापुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमरेंद्र बहादुर सिंह ने की।
कार्यक्रम में प्रभारी निरीक्षक ने कहा कि पुलिस महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे किसी भी समस्या को बिना डर पुलिस से साझा करें और जरूरत पड़ने पर “शक्ति दीदी” पहल का लाभ उठाएं। साथ ही महिलाओं को आत्मरक्षा के उपाय बताए गए और विपरीत परिस्थितियों में निडर होकर सामना करने की प्रेरणा दी गई।
इस दौरान साइबर अपराध, सोशल मीडिया फ्रॉड, फर्जी कॉल और संदिग्ध लिंक से बचाव के तरीकों की जानकारी भी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं को हेल्पलाइन नंबरों और आपातकालीन सेवाओं के बारे में विस्तार से बताया, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता मिल सके।
कार्यक्रम में महिलाओं को कन्या सुमंगला योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, निराश्रित महिला पेंशन और मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना जैसी सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
इस मौके पर चौकी प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह, महिला उपनिरीक्षक सना पाल, महिला कांस्टेबल सुमन यादव समेत अन्य पुलिसकर्मी और बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं मौजूद रहीं। कार्यक्रम के अंत में महिलाओं ने जागरूकता अभियान की सराहना की।