
पारदर्शी विकास न्यूज़ महोबा। जनपद में 21 जून 2026 को प्रस्तावित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। शनिवार को जिलाधिकारी गजल भारद्वाज एवं पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह ने कार्यक्रम स्थल सहित विभिन्न स्थानों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।अधिकारियों ने सर्वप्रथम गोरखगिरि पर्वत एवं शिव तांडव मंदिर का निरीक्षण किया तथा इसके बाद कार्यक्रम स्थल पहुंचकर तैयारियों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पेयजल, छाया, टेंट, यातायात, सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समय से पूर्ण कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से जुड़ी सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा में पूरी करने के निर्देश देते हुए कहा कि आगंतुकों की सुविधा एवं सुरक्षा में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। वहीं पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर क्षेत्राधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) कुंवर पंकज, उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी पुलिस एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।