
पारदर्शी विकास न्यूज़ सुल्तानपुर। बेसिक शिक्षा विभाग में कार्यरत शिक्षकों की लंबित समस्याओं और देयकों के भुगतान को लेकर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को जिलाध्यक्ष दिलीप पाण्डेय के नेतृत्व में संघ के प्रतिनिधिमंडल ने वित्त एवं लेखाधिकारी बेसिक शिक्षा राम बचन राम को ज्ञापन सौंपकर लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण की मांग की।जनपदीय प्रवक्ता निजाम खान ने बताया कि अवशिष्ट वेतन, जीपीएफ अग्रिम, सामूहिक बीमा, जीपीएफ लेखा पर्ची, नोशनल पेंशन, ग्रेच्युटी, जीपीएफ से एनपीएस में स्थानांतरित धनराशि वापस जीपीएफ खाते में भेजने, ऑनलाइन आवेदनों के निस्तारण और नवीन प्रान आवंटन सहित कई मामले लंबे समय से लंबित हैं। इससे शिक्षकों और सेवानिवृत्त कर्मचारियों में रोष है।उन्होंने आरोप लगाया कि एक ही विद्यालय के शिक्षकों का अवरुद्ध और बहाल वेतन का अवशिष्ट भुगतान भी अलग-अलग तरीके से किया जा रहा है। संघ ने सभी प्रकरणों के पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण की मांग की।जिलाध्यक्ष दिलीप पाण्डेय ने कहा कि शिक्षकों को अपने वैधानिक देयकों के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाना पड़ना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 21 सितंबर तक समस्याओं का ठोस समाधान नहीं हुआ तो 22 सितंबर को अपराह्न तीन बजे वित्त एवं लेखाधिकारी कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।