
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने गुरुवार को गौरीगंज स्थित इफको किसान सेवा केंद्र का औचक निरीक्षण किया। केंद्र पर अव्यवस्था और खाद वितरण में धीमी व्यवस्था मिलने पर डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने उप कृषि निदेशक सत्येंद्र कुमार, जिला कृषि अधिकारी देवेंद्र सिंह निरंजन, केंद्र प्रभारी विनय कुमार श्रीवास्तव और इफको क्षेत्र प्रबंधक अरविंद सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। निरीक्षण में बड़ी संख्या में किसान मौजूद मिले, जबकि एक ही पीओएस मशीन से वितरण होने के कारण लंबी कतार लगी थी। डीएम ने दो दिन में मांग के अनुरूप पर्याप्त यूरिया और डीएपी उपलब्ध कराने तथा तीन पीओएस मशीनों से वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को खाद के लिए घंटों इंतजार नहीं करना पड़ेगा। सभी केंद्रों पर स्टॉक की नियमित निगरानी और अग्रिम व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। डीएम ने किसानों से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और आश्वासन दिया कि किसी पात्र किसान को खाद के अभाव में वापस नहीं लौटना पड़ेगा। सीसीटीवी के जरिए वितरण में पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।