
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। सुलतानपुर-धम्मौर राजमार्ग पर सोमवार शाम हुए सड़क हादसे में अमेठी के एक ही गांव के तीन युवकों की मौत हो गई। अमहट से आगे कब्रिस्तान के पास राइडर बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में गिर गई। हादसे में विशाल कोरी (17) और ईशू कोरी (20) की मौके पर मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल रोहित (17) ने मंगलवार को लखनऊ के हायर सेंटर में दम तोड़ दिया।तीनों युवक भेंटुआ ब्लॉक की पीपरपुर ग्राम पंचायत के रामापुर गांव के निवासी थे। वे सुलतानपुर में सटरिंग का काम करने गए थे। विशाल पुत्र झल्लर कोरी, ईशू पुत्र दल बहादुर कोरी उर्फ कल्लू और रोहित पुत्र हरीश चंद्र मेहनत-मजदूरी कर परिवार की आर्थिक मदद करते थे।तीनों युवकों के पिता दिहाड़ी मजदूरी करते हैं। युवकों को सटरिंग, जाल बांधने, पुट्टी और पेंट का काम आता था। परिवारों को उनसे बेहतर भविष्य की उम्मीद थी, लेकिन हादसे ने सब कुछ उजाड़ दिया। विशाल की मां मीना, ईशू की मां रंगीता और रोहित की मां संगीता का रो-रोकर बुरा हाल है। तीनों युवकों की शादी नहीं हुई थी। हादसे के बाद रामापुर गांव में मातम पसरा है और परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।