news-details

कड़ी सुरक्षा के बीच संपन्न हुई टीजीटी भर्ती परीक्षा

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन बोर्ड की ओर से बुधवार को प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) भर्ती परीक्षा का आयोजन कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच किया गया। जिले के 24 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित परीक्षा में 21 हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। परीक्षा को नकलविहीन और पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासन और शिक्षा विभाग ने व्यापक व्यवस्थाएं की थीं। परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की कई स्तरों पर जांच की गई। बायोमेट्रिक सत्यापन, पहचान पत्र की जांच और मेटल डिटेक्टर से स्क्रीनिंग के बाद ही परीक्षार्थियों को केंद्र के भीतर जाने की अनुमति दी गई। कल्याणपुर स्थित जवाहर लाल नेहरू इंटर कॉलेज सहित कई केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त रही, जहां अभ्यर्थियों के जूते और मोजे तक उतरवाकर तलाशी ली गई।परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक चली, जबकि दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक आयोजित की गई। जांच प्रक्रिया के चलते अधिकांश अभ्यर्थी निर्धारित समय से काफी पहले ही परीक्षा केंद्रों पर पहुंच गए थे।परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासनिक और शिक्षा विभाग के अधिकारी लगातार परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करते रहे और सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ परीक्षा संचालन का जायजा लिया। परीक्षा केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों के परिजनों की भी भीड़ देखने को मिली।परीक्षा देकर बाहर निकले अभ्यर्थियों ने प्रश्नपत्र को मॉडरेट स्तर का बताया। फिजिकल एजुकेशन विषय की परीक्षार्थी सुलेखा ने बताया कि प्रश्नपत्र में आसान और कठिन दोनों प्रकार के प्रश्न शामिल थे। उनके अनुसार पेपर संतुलित रहा और मेरिट बहुत अधिक जाने की संभावना नहीं है।वहीं सीतापुर से परीक्षा देने पहुंचे आशुतोष ने बताया कि उन्होंने विज्ञान विषय का पेपर दिया। प्रश्नपत्र में फिजिक्स और केमिस्ट्री से संबंधित मिश्रित प्रश्न पूछे गए थे। उन्होंने कहा कि तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों के लिए पेपर हल करना कठिन नहीं था।कुल मिलाकर कानपुर में टीजीटी भर्ती परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। प्रशासन ने परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए सुरक्षा व्यवस्था में कोई कमी नहीं छोड़ी।