
PARDARSHI VIKASH NEWS गोंडा जिले के करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र के भभुआ गांव में देर रात एक खाली प्लाट में करीब 30 वर्षीय युवक का सड़ा-गला शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव लगभग एक सप्ताह पुराना बताया जा रहा है, जिससे तेज दुर्गंध आ रही थी। चेहरा पूरी तरह विकृत होने के कारण मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।शव रिटायर्ड पुलिसकर्मी ब्रजेश बहादुर सिंह के मकान के बगल स्थित खाली प्लाट में मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर करनैलगंज कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।घटनास्थल पर डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीमों ने मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान के लिए सोशल मीडिया का भी सहारा लिया जा रहा है, लेकिन अभी तक कोई सफलता नहीं मिली है।पुलिस के अनुसार जिस प्लाट में शव मिला है, वहां कोई निर्माण कार्य नहीं चल रहा था। मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।करनैलगंज कोतवाल नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि देर रात सूचना मिली थी कि खाली प्लाट में एक युवक का शव पड़ा है। मौके पर पहुंचने पर युवक का चेहरा पूरी तरह खराब मिला, जिससे पहचान करना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।