
PARDARSHI VIKASH NEWS पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच में पुलिस को कई अहम सुराग मिले हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी ने हत्या से पहले गूगल पर लोहगढ़ किले के "डेथ पॉइंट", खाई तक पहुंचने के रास्ते और ऐसी जगहों की जानकारी खोजी थी, जहां हादसे जैसा दिखाया जा सके। जांच में यह भी सामने आया कि दोनों ने "जहर देकर बिना शक के कैसे मारें", "पुलिस पूछताछ में क्या जवाब दें" और "कौन-कौन से व्हाट्सएप मैसेज डिलीट करें" जैसे विषय भी सर्च किए थे। पुलिस का दावा है कि वारदात वाले दिन चेतन ने अपनी लोकेशन छिपाने के लिए मोबाइल एक दुकान पर छोड़ दिया और दूसरे फोन का इस्तेमाल किया। डिलीट किए गए चैट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की फोरेंसिक जांच कराई जा रही है। रविवार को पुलिस दोनों आरोपियों को लोहगढ़ किले ले जाकर घटनास्थल पर सीन रीक्रिएट कर रही है। वहीं, केतन के परिजनों ने आरोपियों को फांसी की सजा देने की मांग की है। दूसरी ओर, सिया के माता-पिता का कहना है कि यदि उनकी बेटी दोषी साबित होती है तो उसे भी कानून के अनुसार सबसे कड़ी सजा मिलनी चाहिए। मामले की जांच जारी है।