news-details

कृषि यंत्रों के अनुदान के लिए ई-लॉटरी से हुआ किसानों का चयन

You can share this post!


पारदर्शी विकास न्यूज़, अमेठी। किसानों को आधुनिक कृषि यंत्र उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कृषि यंत्रों पर अनुदान के लिए जनपद स्तरीय ई-लॉटरी प्रक्रिया संपन्न हुई। जिलाधिकारी शशांक चौधरी की अध्यक्षता में गठित कार्यकारी समिति की मौजूदगी में चयन प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से पूरी कराई गई। उप कृषि निदेशक सत्येंद्र कुमार ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में विभिन्न कृषि यंत्रों के 12 लक्ष्यों के सापेक्ष 157 किसानों ने आवेदन किया था। इनमें 30 लाख रुपये की परियोजना लागत वाले कस्टम हायरिंग सेंटर के एक लक्ष्य के लिए सर्वाधिक 111 आवेदन प्राप्त हुए। इसके अलावा सुपर सीडर, कल्टीवेटर, हैरो, चॉप कटर, आलू खुदाई मशीन, पावर टिलर, क्रॉप रीपर और श्रब मास्टर के लिए भी आवेदन मिले।ई-लॉटरी के माध्यम से सिंहपुर विकासखंड की अनीता का चयन कस्टम हायरिंग सेंटर के लिए किया गया। सुपर सीडर के लिए तिलोई के कलकराज, कल्टीवेटर के लिए गौरीगंज के संतोष तथा हैरो के लिए भेटुआ के राजेंद्र प्रसाद शुक्ला चयनित हुए। अन्य कृषि यंत्रों के लिए भी निर्धारित लक्ष्यों के अनुसार किसानों का चयन किया गया।चयनित किसानों को पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस के माध्यम से सूचना भेजी गई। प्रक्रिया के दौरान जिला उद्यान अधिकारी, अग्रणी जिला प्रबंधक, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, कृषि विज्ञान केंद्र कठौरा के प्रभारी सहित प्रगतिशील किसान और आवेदक मौजूद रहे।