
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। बहुजन समाज पार्टी के वरिष्ठ नेता जितेन्द्र मिश्र ने बुधवार को क्षेत्र में जनसंपर्क कर 9 अक्टूबर को लखनऊ में आयोजित मान्यवर कांशीराम की पुण्यतिथि के राज्य स्तरीय श्रद्धांजलि कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप दिया। शाम को सरूवांवा स्थित अपने आवास पर बैठक कर कार्यकर्ताओं को झंडे, बैनर और होल्डिंग्स वितरित किए गए जितेन्द्र मिश्र ने बताया कि कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं की भागीदारी के लिए पांच बसें और 50 छोटी गाड़ियों की व्यवस्था की गई है। आठ अक्टूबर को वाहनों की संख्या बढ़ाई जा सकती है। कई कार्यकर्ता ट्रेन से भी लखनऊ पहुंचेंगे।उन्होंने कहा कि जनता सपा और भाजपा दोनों के शासन को देख चुकी है। उन्होंने बसपा को सर्वसमाज के हितों के लिए समर्पित बताते हुए कहा कि पार्टी ने जाति और धर्म के आधार पर राजनीति नहीं की। जितेन्द्र मिश्र ने कहा कि मायावती के चार बार के मुख्यमंत्रित्व काल को बसपा कार्यकर्ता सुशासन और विकास से जोड़कर देखते हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी ने सभी वर्गों के हित में कार्य किया और प्रदेश के विकास तथा जनकल्याण को प्राथमिकता दी।बैठक में भीमराव बौद्ध, संतोष दुबे, अनुज तिवारी, मोहित शर्मा और विजय कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।