
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। मान्यवर कांशीराम साहब की नौ अक्टूबर को पुण्यतिथि पर लखनऊ में प्रस्तावित राज्य स्तरीय श्रद्धांजलि कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर रविवार को अमेठी में बसपा की कई बैठकें हुईं। बैठकों में बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर और कांशीराम के जीवन दर्शन एवं विचारों पर चर्चा करते हुए कार्यकर्ताओं से अधिक संख्या में लखनऊ पहुंचने की अपील की गई। लखनऊ में कांशीराम स्मारक स्थल पर कार्यक्रम की तैयारी को लेकर प्रदेश के विभिन्न जिलों में भी कार्यकर्ताओं से संपर्क किया जा रहा है। जिला कार्यकारिणी सदस्य एवं पूर्व जिला प्रभारी संजय कुमार ने कहा कि कांशीराम साहब के संघर्षों से बहुजन समाज को राजनीति और राजपाट में हिस्सेदारी मिली। उन्होंने कार्यकर्ताओं से उनके विचारों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। बामसेफ जिला संयोजक संजीव भारती ने कांशीराम और डॉ. आंबेडकर के संघर्षों पर विचार रखे।टीकरमाफी और ठेंगहा में हुई बैठकों में कोषाध्यक्ष कुल रोशन एडवोकेट ने पार्टी की नीतियों और पूर्व सरकार की उपलब्धियों की जानकारी दी। महासचिव श्याम कुमार ने रोजगार से जुड़ी पार्टी की घोषणाओं का उल्लेख किया, जबकि विधानसभा प्रभारी बौद्ध ने कानून का राज और संविधानसम्मत शासन को पार्टी का लक्ष्य बताया।बैठकों में जिला सचिव राज पाल, विधानसभा अध्यक्ष लक्ष्मण प्रसाद, सेक्टर अध्यक्ष अशोक भारती, शिव प्राण, गुलशन कुमार, शिवम कोरी, भीमराव बौद्ध, विजय कुमार समेत कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने नौ अक्टूबर को लखनऊ पहुंचने का संकल्प लिया।