news-details

कुशीनगर में धान खरीद का शुभारंभ, पांच दिन में दूर होंगी सर्वे की खामियां: डीएम

You can share this post!

 

 

पडरौना मंडी के दोनों क्रय केंद्रों पर किसानों से फीता कटवाकर शुरू हुई खरीद, किसानों की सुविधा के लिए केंद्रों पर तैनात होगी विशेष टीम

 

पारदर्शी विकास ब्यूरो / कुशीनगर।जनपद कुशीनगर में धान खरीद प्रक्रिया का शुभारंभ हो गया है। गुरुवार को पडरौना नवीन मंडी स्थित दोनों धान क्रय केंद्रों पर प्रगतिशील किसानों से फीता कटवाकर जिलाधिकारी संजय चौहान ने खरीद की शुरुआत कराई। इस दौरान उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप किसानों को उनकी उपज का निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। खरीद प्रक्रिया को पारदर्शी और सुगम बनाया जाएगा, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।मीडिया से बातचीत में जिलाधिकारी ने बताया कि कुछ किसानों ने धान सर्वे के दौरान रकबे में गड़बड़ी की शिकायत की है। कई किसानों के खेत का वास्तविक रकबा अधिक होने के बावजूद सर्वे में कम दर्ज किया गया है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए राजस्व और कृषि विभाग के अधिकारियों को तत्काल विसंगतियां दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि अगले पांच दिनों के भीतर जनपद के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर सर्वे से जुड़ी समस्याओं का समाधान कराया जाएगा।डीएम ने बताया कि किसानों की सुविधा के लिए धान क्रय केंद्रों के पास भी एक विशेष टीम तैनात की जाएगी, जो किसानों की समस्याओं का समाधान करेगी। प्रशासन का प्रयास है कि किसान बिना किसी भागदौड़ और परेशानी के अपनी उपज बेच सकें।उन्होंने धान बिक्री के लिए पंजीकरण की जानकारी देते हुए कहा कि जिन किसानों के पास फार्मर आईडी उपलब्ध है, वे उसके माध्यम से पंजीकरण करा सकते हैं। यदि फार्मर आईडी में डिजिटल क्रॉप सर्वे (डीसीएस) का डाटा प्रदर्शित नहीं हो रहा है तो ऐसे किसान पिछले वर्षों की तरह सामान्य प्रक्रिया के तहत भी पंजीकरण करा सकते हैं।जिलाधिकारी ने बताया कि किसान खाद्य एवं रसद विभाग की आधिकारिक वेबसाइट FCS.UP.GOV.IN पर धान विक्रय के लिए पंजीकरण करा सकते हैं। इसके अलावा जनसेवा केंद्र (CSC) और मोबाइल ऐप के माध्यम से भी पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध है। पंजीकरण में किसी तरह की दिक्कत आने पर किसान अपने संबंधित विकासखंड के विपणन निरीक्षक से संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकते हैं।उन्होंने स्पष्ट किया कि धान खरीद में पारदर्शिता, किसानों को उचित मूल्य और क्रय केंद्रों पर बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन पूरी गंभीरता से कार्य करेगा।