
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। रावतपुर थाना क्षेत्र के हसनपुर सेक्टर-जे में 58 वर्षीय महिला की घर के अंदर हत्या से सनसनी फैल गई। उमा कुशवाहा का शव घर के कमरे में कुर्सी पर बैठी अवस्था में मिला। उनके गले पर काले-नीले निशान पाए गए हैं। घर का सामान बिखरा मिलने के कारण पुलिस लूट के बाद हत्या की आशंका से भी जांच कर रही है।बताया गया कि मंगलवार शाम करीब पांच बजे उमा घर में टीवी देख रही थीं। इसी दौरान बदमाशों के घर में घुसने और लूटपाट करने की आशंका है। विरोध करने पर महिला की गला दबाकर हत्या किए जाने की बात सामने आई है। घटना के करीब तीन घंटे बाद किराएदार पानी की मोटर चलाने नीचे आई। उसने उमा को कुर्सी पर बैठे देखा और आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उसने अपने पति को बुलाया।परिजनों के मुताबिक घर की अलमारी और लॉकर टूटे मिले। करीब 22 लाख रुपये के गहने और अन्य सामान गायब होने का दावा किया गया है। हालांकि चोरी की वास्तविक रकम की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी।सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और परिवार के सदस्यों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच के बाद जल्द घटना का खुलासा किया जाएगा।