
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर।
कानपुर में स्वाइन फ्लू यानी एच1एन1 इन्फ्लूएंजा का एक संदिग्ध मामला सामने आने से स्वास्थ्य विभाग और अस्पताल प्रशासन में सतर्कता बढ़ गई है। गंभीर हालत में मरीज को हैलट अस्पताल लाया गया, जहां उसे मेडिसिन आईसीयू में वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है। चिकित्सकों की टीम लगातार मरीज की निगरानी कर रही है।बताया गया कि मरीज का पिछले करीब 10 दिनों से शहर के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। वहां कराई गई निजी पैथोलॉजी जांच में एच1एन1 इन्फ्लूएंजा की पुष्टि होने की बात सामने आई है। हालांकि, हैलट प्रशासन ने अभी निजी जांच रिपोर्ट को अंतिम पुष्टि नहीं माना है। मरीज का सैंपल मेडिकल कॉलेज की माइक्रोबायोलॉजी लैब में आईटीपीसीआर जांच के लिए भेजा गया है।हैलट के प्रमुख अधीक्षक डॉ. सौरभ अग्रवाल ने बताया कि निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मरीज की जांच रिपोर्ट में एच1एन1 संक्रमण की पुष्टि वाली रिपोर्ट आई थी। हालत बिगड़ने पर उसे हैलट रेफर किया गया। फिलहाल मरीज को एच1एन1 का संदिग्ध मानकर उपचार दिया जा रहा है।उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज की माइक्रोबायोलॉजी लैब से आईटीपीसीआर रिपोर्ट आने के बाद ही संक्रमण की स्थिति स्पष्ट होगी। निजी पैथोलॉजी की रिपोर्ट किस सेंटर से कराई गई थी, यह अभी स्पष्ट नहीं है। इसी वजह से दोबारा जांच कराई जा रही है।मामला सामने आने के बाद हैलट अस्पताल में मरीजों और तीमारदारों की सतर्कता बढ़ गई है। अस्पताल परिसर में कई लोग मास्क पहनकर पहुंच रहे हैं। संक्रमण से बचाव के लिए अस्पताल प्रशासन की ओर से निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन कराया जा रहा है। चिकित्सकों ने लोगों से घबराने के बजाय सावधानी बरतने और लक्षण दिखाई देने पर तत्काल चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की है।