
PARDARSHI VIKASH NEWS अयोध्या। आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के नवनियुक्त कुलपति डॉ. ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय में पदभार संभालने के बाद से ही शिक्षा, शोध एवं प्रसार की गतिविधियों को और बेहतर बनाने में तेजी लाते नजर आ रहे हैं। इसके लिए कुलपति हर स्तर से प्रयास में जुट गए हैं। कुलपति का एक अलग अंदाज उस समय देखने को मिला जब वह कृषि महाविद्यालय, कोटवा, आजमगढ़ का औचक निरीक्षण करने पहुंचे। जहां उन्होंने छात्रावासों की स्थिति, शिक्षा, सुविधा व बच्चों की समस्याएं परखने के लिए छात्र-छात्राओं के साथ छात्रावास में भोजन करते नजर आए। इस दौरान उन्होंने भोजन करते-करते छात्रों से बातचीत भी की और उनकी समस्याओं से अवगत हुए। कुलपति का यह अंदाज विश्वविद्यालय के शिक्षकों, वैज्ञानिकों एवं छात्र-छात्राओं में चर्चा का विषय बना हुआ है। छात्रों को मुहैया कराई जा रही सुविधाओं पर कुलपति ने संतोष व्यक्त किया। कुलपति डॉ सिंह वरिष्ठ संकाय सदस्यों के साथ बनाई गई कार्ययोजना के तहत विश्वविद्यालय की एक नई पृष्ठभूमि तैयार करने में जुट गए हैं। इसके लिए उन्हें कुछ प्रशासनिक फेर बदल भी करने पड़े हैं। कुलपति डॉ ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि विश्वविद्यालय को आधुनिक स्वरूप देने व कृषकोपयोगी शोध को बढ़ावा देने तथा विकसित तकनीक को परीक्षणोपरांत कृषक प्रक्षेत्र पर ले जाने हेतु वो लगातार 10-12 घंटे काम कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा कृषि एवं किसान कल्याण हेतु लिए गए संकल्प को साकार करने हेतु निरंतर प्रयास को आगे बढ़ाया जा रहा है। इस मौके पर सह अधिष्ठाता डॉ डी.के. सिंह, निदेशक प्रसार डॉ राम बटुक सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।