
PARDARSHI VIKASH NEWS झांसी में भीषण गर्मी और बढ़ते बिजली लोड का असर अब बिजली ढांचे पर दिखने लगा है। सोमवार दोपहर बीकेडी चौराहा से जीवनशाह तिराहा मार्ग पर कुंजबिहारी कॉलोनी के बाहर रखे 400 केवीए ट्रांसफार्मर और उसकी केबिल में अचानक आग लग गई।स्थानीय लोगों के अनुसार पहले केबिल से चिंगारी निकलनी शुरू हुई और कुछ ही सेकेंड में आग ने विकराल रूप ले लिया। देखते ही देखते केबिल का बड़ा हिस्सा जल गया और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।सूचना मिलने के करीब 8 मिनट के भीतर फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और तेजी से कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया। तब तक ट्रांसफार्मर की केबिल पूरी तरह जल चुकी थी। राहत की बात यह रही कि आसपास कोई दुकान या मकान न होने से बड़ा हादसा टल गया। आग बुझने के बाद भी करीब आधे घंटे तक धुआं उठता रहा।बिजली विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और जली हुई केबिल बदलकर मरम्मत कार्य पूरा किया। इस दौरान करीब एक घंटे तक इलाके की बिजली आपूर्ति बाधित रही।प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण ओवरलोड और शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार भीषण गर्मी के चलते ट्रांसफार्मर पर दबाव बढ़ गया था, जिससे यह घटना हुई। बाद में मरम्मत के बाद बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई।