
PARDARSHI VIKASH NEWS कानपुर देहात के झींझक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में मंगलवार को टीकाकरण अभियान को लेकर विशेष कार्यशाला आयोजित की गई। बैठक सीएचसी अधीक्षक डॉ. पीयूष त्रिपाठी के नेतृत्व में हुई, जिसमें छूटे हुए बच्चों का टीकाकरण सुनिश्चित करने पर चर्चा की गई।कार्यशाला में ब्लॉक प्रतिनिधि शिवभान ने आशा बहुओं, एएनएम और संगिनी को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चे को समय पर टीका लगवाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों से कहा कि वे ऐसे क्षेत्रों में जाकर बच्चों को चिन्हित करें, जहां किसी कारणवश टीकाकरण नहीं हो पाया है।उन्होंने बताया कि टीकाकरण बच्चों को कई गंभीर बीमारियों से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसलिए ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को इसके प्रति जागरूक करना जरूरी है। स्वास्थ्य कर्मियों को अभिभावकों को टीकाकरण के फायदे समझाकर बच्चों का टीकाकरण पूरा कराने के निर्देश दिए गए।सीएचसी अधीक्षक डॉ. पीयूष त्रिपाठी ने भी सभी कर्मचारियों को टीम भावना के साथ अभियान को सफल बनाने के लिए कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि आशा, एएनएम और संगिनी अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर छूटे हुए बच्चों तक पहुंचें और उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ें। बैठक में स्वास्थ्य विभाग के कई कर्मचारी मौजूद रहे।