
पारदर्शी विकास न्यूज़, अमेठी। जिले में जल जीवन मिशन के तहत 305 परियोजनाएं पूरी होने के बावजूद जलापूर्ति को लेकर शिकायतें सामने आ रही हैं। आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज 393 शिकायतों का निस्तारण लंबित बताया गया है। वहीं, 691 गांवों में जलापूर्ति का दावा किया गया है और सड़कों की मरम्मत का कार्य जारी है।गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में ग्रामीण पाइप पेयजल योजनाओं की समीक्षा बैठक हुई। डीएम ने कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने, धीमी गति वाली परियोजनाओं में तेजी लाने और निर्धारित समयसीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए।बैठक में पाइपलाइन बिछाने, जलस्रोतों, पेयजल गुणवत्ता जांच और घरेलू कनेक्शनों की स्थिति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने जनता दर्शन, तहसील दिवस और आईजीआरएस से प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। लापरवाही पर संबंधित अधिकारियों और एजेंसियों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू, जल निगम के अधिकारी और कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।