
पारदर्शी विकास, महोबा। जिलाधिकारी गजल भारद्वाज की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार कक्ष में जनपद महोबा में जल जीवन मिशन के अन्तर्गत कराये जा रहे कार्यों के सम्बंध में बैठक आहूत की गयी। जिसमें जिलाधिकारी द्वारा शिवहर ग्राम समूह पेयजल योजना, धवर्रा-सिजवाहा ग्राम समूह पेयजल योजना, लहचूरा-काशीपुरा ग्राम समूह पेयजल योजना, सलइया-नथुपुरा ग्राम समूह पेयजल योजना एवं कबरई ग्राम समूह पेयजल योजनाओं के कार्यों एवं ग्रामों में की जा रही नियमित जलापूर्ति की समीक्षा की गयी । समीक्षा में धवर्रा-सिजवाहा ग्राम समूह पेयजल योजना के प्रोजेक्ट मैनेजर को कड़े निर्देश दिये कि शीघ्र ही आवश्यक मैन पॉवर एवं मशीनरी लगाकर योजना के सभी अवशेष रोड रेस्टोरेशन (पैंच वर्क) पूर्ण कर योजना के सभी ग्रामों में नियमित पेयजलापूर्ति कराना सुनिश्चित करें अन्यथा की स्थिति में कार्यदायी संस्था के विरूद्ध दण्डात्मक कार्यवाही अमल में लायी जायेगी। साथ ही सभी कार्यदायी संस्थाओं के प्रोजेक्ट मैनेजरों को आदेशित किया कि ग्रीष्म ऋतु में ग्रामीण क्षेत्रों में उत्पन्न हो रही पेयजल समस्या का तत्काल निराकरण कराते हुये नियमित पेयजलापूर्ति करायें। जिससे ग्रामीणों को पेयजल की समस्या उत्पन्न न हो एवं ग्रामीणों को पेयजल योजना का लाभ मिल सके। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी बलराम कुमार, अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) महोबा, अधिशासी अभियन्ता, प्रांतीय खण्ड, लोक निर्माण विभाग, महोबा, जिला पंचायत राज अधिकारी, महोबा, अधिशासी अभियन्ता जल निगम (ग्रामीण) महोबा, टी.पी.आई. सेन्सिस, महोबा एवं सम्बंधित फर्मों के प्रोजेक्ट मैनेजर उपस्थित रहे।