
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी/मुंशीगंज। राजर्षि रणंजय सिंह इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी (आरआरएस आईएमटी) में मंगलवार को बीटेक एवं एमबीए प्रथम वर्ष के नए शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ धार्मिक एवं प्रेरणादायी वातावरण में हुआ। इस अवसर पर संस्थान परिसर में सुंदरकांड पाठ एवं हवन-पूजन का आयोजन किया गया, जिसमें बीटेक और एमबीए प्रथम वर्ष के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। संस्थान की निदेशक डॉ. शशांक श्रीवास्तव ने नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि नए सत्र की शुरुआत नए संकल्प और नई ऊर्जा के साथ करें। आगामी पाठ्यक्रम के दौरान गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, प्रशिक्षण और कौशल विकास पर विशेष ध्यान दें, ताकि भविष्य में देश की सेवा करते हुए अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट पहचान बना सकें। उन्होंने छात्रों से अनुशासन, मेहनत और सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान संस्थान का पूरा शिक्षक एवं कर्मचारी वर्ग उपस्थित रहा।