
पिछले तीन दिनों से चल रहा था विरोध प्रदर्शन
PARDARSHI VIKASH NEWS अमेठी/मुंशीगंज। खेत में लगी झटका मशीन के कंटीले तार में प्रवाहित हो रही विद्युत करेंट से मौत की शिकार हुई एक बालिका का अंतिम संस्कार गुरुवार को तीसरे दिन भारी पुलिस बल की उपस्थिति में किया गया। मामले में रिपोर्ट दर्ज करने और पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता की मांग को लेकर गांव के लोग तीन दिन से विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। मौके पर पहुंची राजस्व टीम ने मृतका के परिवार को प्रधानमंत्री आवास और भूमि का पट्टा देने का आश्वासन दिया है। पिछले तीन दिनों के बीच बड़ी संख्या में सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ता और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता त्रिलोकपुर पहुंचे और पीड़ित परिवार का दुःख बांटने के साथ जिला प्रशासन और सरकार से सहायता प्रदान करने की मांग उठाई। गुड्डा देवी और रामनरेश पासी की 14वर्षीय बेटी निर्मला 16जून को सुबह बकरी चराने गई थी। प्रशांत तिवारी के खेत में लगे कंटीले तार और झटका मशीन में आ रहे विद्युत करंट लगने से उसकी मौत हो गई।मौत के बाद गुड्डा देवी ने प्रशांत कुमार तिवारी के विरुद्ध मुंशीगंज थाने में तहरीर दी। पुलिस शुरुआत में रिपोर्ट दर्ज करने को तैयार नहीं हुई। ग्रामीणों ने अंतिम संस्कार रोक दिया और विरोध प्रदर्शन करने लगे।इस बीच विभिन्न सामाजिक संगठनों और राजनीतिक दलों के नेता भी गांव पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर दुःख बांटा और न्याय प्रिय कार्रवाई का भरोसा दिया। मामला सोशल मीडिया पर सुर्खियों में रहा। एस डी एम के निर्देश पर पुलिस, राजस्व और पंचायत विभाग की टीम गांव पहुंची और पीड़ित परिवार को सहयोग का लिखित आश्वासन दिया स्पाट मेमो पर ग्राम पंचायत अधिकारी हेमंत कुमार और त्रिलोकपुर और थौरा क्षेत्र के लेखपाल ने हस्ताक्षर किए हैं। प्रधान प्रतिनिधि अविनाश चंद्र शुक्ल, राजेन्द्र प्रसाद, राधेश्याम पासी, धर्मराज और दिनेश कुमार ने भी हस्ताक्षर किए हैं। मृतका का अंतिम संस्कार गुरुवार को बड़ी संख्या में पुलिस बल की मौजूदगी में हुआ। अंतिम शव यात्रा में बसपा विधानसभा अध्यक्ष लक्ष्मण प्रसाद, अम्बेडकर सेवा समिति अमेठी के जिलाध्यक्ष संजय कुमार कोरी, छेदीलाल पासवान,बामसेफ के विधानसभा संयोजक फूल चंद्र बौद्ध, रामचंद्र बौद्ध, सेक्टर अध्यक्ष राम शंकर दानी,राजेश अकेला, बसपा बूथ अध्यक्ष मंगरु राम सरोज, सुरेंद्र कुमार बौद्ध,भीम आर्मी जिला उपाध्यक्ष इश्तियाक, सत्यम कुमार, डॉ दिनेश कुमार सरोज आदि मौजूद रहे।