
PARDARSHI VIKASH NEWS उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद ने प्रयागराज दौरे के दौरान विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों, एनडीए में सीट बंटवारे, संगठन विस्तार और समसामयिक राजनीतिक मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि निषाद पार्टी जनता को राजनीतिक रूप से जागरूक करने का अभियान चला रही है, ताकि लोग विकास, अधिकार और नीतियों के आधार पर अपने प्रतिनिधि का चुनाव करें।सीट बंटवारे को लेकर उन्होंने कहा कि भाजपा फिलहाल संगठन को मजबूत करने में जुटी है। संगठनात्मक प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर गठबंधन के तहत सीटों पर फैसला लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि निषाद पार्टी पूरी मजबूती से अपनी तैयारी कर रही है और गठबंधन धर्म का पालन करेगी।प्रदेश सचिव को डांटने वाले वायरल वीडियो पर डॉ. निषाद ने कहा कि कार्यकर्ता उनके परिवार का हिस्सा हैं और विपक्ष इस मुद्दे को बेवजह तूल दे रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं में किसी तरह की नाराजगी से भी इनकार किया। वहीं राम मंदिर से जुड़े विवाद पर उन्होंने कहा कि किसी भी मामले में जांच और संवैधानिक प्रक्रिया पर भरोसा रखना चाहिए तथा दोष तय होने से पहले पूरे सिस्टम पर सवाल उठाना उचित नहीं है।