
PARDARSHI VIKASH NEWS गोंडा में गन्ना सिंचाई को लेकर हुए विवाद में एक किसान की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। गंभीर हालत में घायल किसान को पहले मेडिकल कॉलेज और फिर लखनऊ के लोहिया अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मामला देहात कोतवाली क्षेत्र के सालपुर सेमरा गांव का है।मृतक की पहचान बाल गोविंद (43) के रूप में हुई है। रविवार शाम वह खेत में गन्ने की सिंचाई करने गए थे। इसी दौरान गांव के कुछ लोगों से विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने उन्हें लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा और खेत में पुल के नीचे फेंककर फरार हो गए।मजदूरी से लौटे बेटे सुनील कुमार ने पिता को खून से लथपथ हालत में देखा। इसके बाद उन्हें तुरंत गोंडा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर सोमवार को लखनऊ के लोहिया अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।मृतक की पत्नी फुलेसरा ने गांव के ही कल्लू, विजय कुमार और शनि पर मारपीट का आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।देहात कोतवाली के कोतवाल शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जल्द आगे की कार्रवाई की जाएगी।