news-details

गौशालाओं में सीसीटीवी अनिवार्य, लापरवाही पर होगी कार्रवाई: डीएम

You can share this post!


पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। निराश्रित गोवंशों के संरक्षण और गौशालाओं में बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने गुरुवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक की। उन्होंने सभी गो आश्रय स्थलों में सीसीटीवी कैमरे लगवाने और चारा, पानी, शेड व पशु चिकित्सा सुविधाओं की नियमित निगरानी के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि जिन विकासखंडों में कैटल कैचर उपलब्ध नहीं हैं, वहां जल्द खरीद सुनिश्चित की जाए। सड़कों पर घूम रहे निराश्रित गोवंशों को सुरक्षित गौशालाओं तक पहुंचाया जाए। गोवंशों के लिए हरा चारा, भूसा, पशु आहार और स्वच्छ पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था रखने के साथ बीमार पशुओं का समय से उपचार कराने पर भी जोर दिया।उन्होंने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने, अभिलेखों का रखरखाव सुनिश्चित करने और निरीक्षण में मिली कमियों को प्राथमिकता से दूर कराने के निर्देश दिए। सहभागिता योजना के तहत पात्र व्यक्तियों को गोवंश सुपुर्द करने और भुगतान समय से पूरा करने को भी कहा।डीएम ने चेतावनी दी कि गौशालाओं में देखभाल और संरक्षण संबंधी व्यवस्थाओं में लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जवाबदेही तय कर कठोर कार्रवाई की जाएगी। बैठक में सीडीओ पूजा साहू, जिला विकास अधिकारी वीरभानु सिंह, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. जी.के. शुक्ला सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।