
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। बिल्हौर कोतवाली क्षेत्र के रहीमपुर करीमपुर गांव में बुधवार को गैस रिसाव के चलते रसोईघर में आग लग गई। हादसे में महिला समेत दो लोग गंभीर रूप से झुलस गए, जबकि बचाने पहुंची एक अन्य महिला घायल हो गई। जानकारी के अनुसार सौम्या (35) रसोई में खाना बना रही थीं, तभी गैस रिसाव की गंध महसूस हुई। परिजन ने रेगुलेटर हटाकर गैस का प्रेशर निकाला, जिसके बाद दोबारा रेगुलेटर लगाने पर लाइटर जलाते ही आग भड़क उठी।आग की चपेट में आने से सौम्या और धर्मेंद्र गंभीर रूप से झुलस गए। शोर सुनकर पहुंची एक अन्य महिला गिरकर घायल हो गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई।ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत देखते हुए दोनों को कानपुर रेफर कर दिया।