
PARDARSHI VIKASH NEWS उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले स्थित प्रसिद्ध बाबा दुखहरनाथ मंदिर में एक श्रद्धालु के साथ जेबकतरी की घटना सामने आई है। यह वारदात मंदिर के गर्भगृह में उस समय हुई जब श्रद्धालु शिवलिंग पर जलाभिषेक कर रहे थे। पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सामने आया है।जानकारी के अनुसार, इटियाथोक थाना क्षेत्र के करुआपारा निवासी अनिल कुमार 11 जून की सुबह करीब 8 बजे मंदिर में दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंचे थे। आरोप है कि जैसे ही वह शिवलिंग पर जल चढ़ाने के लिए झुके, उसी समय पीछे खड़े एक संदिग्ध युवक ने उनकी जेब से 20 हजार रुपए नकद और कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज निकाल लिए। इसके बाद आरोपी बिना किसी शक के गर्भगृह से बाहर निकल गया।सीसीटीवी फुटेज में आरोपी युवक सफेद शर्ट पहने और कंधे पर गमछा डाले हुए दिखाई दे रहा है। वीडियो में साफ दिखता है कि वह श्रद्धालु के बिल्कुल पीछे खड़ा रहता है और मौके का फायदा उठाकर चोरी की वारदात को अंजाम देता है।पीड़ित ने घटना के बाद स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और संदिग्ध की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को पकड़कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।यह घटना मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर रही है, क्योंकि यह क्षेत्र नगर कोतवाली से कुछ ही दूरी पर स्थित है। इससे पहले भी मंदिर परिसर में चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे श्रद्धालुओं में चिंता बढ़ गई है।