
PARDARSHI VIKASH NEWS गोंडा में युवती से खुद को आईएएस अधिकारी, बेसिक शिक्षा विभाग का सचिव और रॉ एजेंट बताकर शादी करने के आरोपी संदीप सिंह की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है, लेकिन वह अभी तक पकड़ में नहीं आया है। नगर कोतवाली पुलिस पिछले एक सप्ताह से गोंडा, गाजीपुर, लखनऊ और बरेली समेत कई जगहों पर उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर चुकी है, लेकिन आरोपी लगातार मोबाइल बंद कर अपनी लोकेशन बदलता रहा है, जिससे पुलिस को उसकी गिरफ्तारी में कठिनाई हो रही है। पुलिस के अनुसार उसकी लोकेशन अलग-अलग शहरों में ट्रेस हो रही है और वह हर बार टीम के पहुंचने से पहले ही वहां से निकल जाता है। पुलिस उसकी कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस मामले में और कौन लोग शामिल हैं या उसे फरारी में किसने मदद की है। वहीं पीड़िता और उसके परिजनों ने जल्द गिरफ्तारी की मांग की है, जबकि पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।