
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी/मुसाफिरखाना।
शनिवार को भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन की ओर से छात्रों की गूंज अभियान के अंतर्गत नगर के आकाश कोचिंग सेंटर में एनएसयूआईं के जिला अध्यक्ष सुमित तिवारी ने छात्रों के साथ संवाद किया। उन्होंने कहा कि जब शिक्षा व्यवस्था सवालों के घेरे में हो, पेपर लीक जैसी घटनाएं छात्रों का भविष्य प्रभावित कर रही हों और बेरोज़गारी युवाओं की उम्मीदों को कमजोर कर रही हो, तब युवाओं की आवाज़ उठाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यह अभियान पारदर्शी परीक्षा प्रणाली, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया और युवाओं के लिए बेहतर रोजगार के अवसर सुनिश्चित कराने की मांग को लेकर चलाया जा रहा है।
संवाद के दौरान छात्रों ने प्रतियोगी परीक्षाओं, भर्ती प्रक्रिया में हो रही देरी, बढ़ती फीस तथा शिक्षा से जुड़े अन्य मुद्दों पर अपनी बात रखी। सुमित तिवारी ने छात्रों को आश्वस्त किया कि NSUI उनकी समस्याओं और मांगों को लोकतांत्रिक तरीके से सरकार एवं संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने का कार्य करती रहेगी। उन्होंने युवाओं से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और शिक्षा व रोजगार के मुद्दों पर एकजुट होकर आवाज़ बुलंद करने का आह्वान किया।