
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। जनशिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए जिला प्रशासन ने एक दिवसीय संपूर्ण समाधान अभियान शुरू किया है। गुरुवार को जिलाधिकारी ने मुसाफिरखाना तहसील की महिला फरियादी केवला देवी की शिकायत का तत्काल निस्तारण कराया। निजामुद्दीनपुर निवासी केवला देवी ने बताया कि गांव में विधायक निधि से लगवाई गई हाईमास्ट लाइट खराब हो गई थी। आगामी नवरात्र और मूर्ति विसर्जन को देखते हुए उन्होंने लाइट की मरम्मत कराने की मांग की। जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी और विद्युत विभाग के अधिकारियों को मौके पर जाकर समस्या दूर करने के निर्देश दिए। इसके बाद टीम ने गांव पहुंचकर हाईमास्ट लाइट ठीक करा दी। शिकायत का समाधान होने पर केवला देवी ने प्रशासन का आभार जताया।राजस्व ग्राम कमासिन में तालाब की जमीन पर कथित अवैध कब्जे को लेकर फतेहबहादुर पासी ने फिर शिकायत की है। उनका आरोप है कि वह एक साल से शिकायत कर रहे हैं, लेकिन लेखपाल हर बार गलत रिपोर्ट लगाकर भेज देता है। उन्होंने संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायत दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की।