
पारदर्शी विकास न्यूज़, अमेठी। जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने मंगलवार को कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, भेटुआ का निरीक्षण कर शैक्षणिक एवं आवासीय व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कक्षा 9 और 10 की छात्राओं से गणित के सवाल पूछे तथा अंग्रेजी में प्रार्थना पत्र लिखने की जानकारी लेकर उनकी शैक्षिक दक्षता परखी। डीएम ने छात्राओं को मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया और पुस्तकालय का नियमित उपयोग करने के निर्देश दिए।उन्होंने रसोईघर, भोजन, पेयजल, शयनकक्ष और स्वच्छता व्यवस्था का निरीक्षण किया। मेन्यू के अनुसार पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने तथा साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने को कहा। वार्डन द्वारा अतिरिक्त शौचालय की आवश्यकता बताए जाने पर डीएम ने बीएसए को आगणन तैयार कराने के निर्देश दिए। कंप्यूटर लैब में सभी कंप्यूटर संचालित मिले। डीएम ने खेलकूद और सह-शैक्षणिक गतिविधियों को नियमित कराने पर भी जोर दिया। निरीक्षण में बीएसए संजय तिवारी, खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. संतोष कुमार यादव सहित शिक्षक एवं स्टाफ मौजूद रहे।