
पारदर्शी विकास न्यूज़ औरैया। जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने मंगलवार को विकासखंड भाग्यनगर के इंग्लिश मीडियम प्राथमिक विद्यालय बैसुन्धरा का आकस्मिक निरीक्षण किया। विद्यालय में तीन शिक्षक और दो शिक्षामित्र तैनात हैं, जबकि वर्तमान में 49 विद्यार्थी पंजीकृत हैं। डीएम ने कम छात्र संख्या पर नाराजगी जताते हुए छात्र पंजीयन बढ़ाने के निर्देश दिए।उन्होंने विद्यालय की कार्यालयी पंजिकाओं का अवलोकन कर उनके सुव्यवस्थित रखरखाव के निर्देश दिए। पत्र व्यवहार पंजिका में प्रत्येक कार्य का पूरा विवरण और समय दर्ज करने को कहा। साथ ही विद्यालय परिसर में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश प्रधानाध्यापक को दिए।इसके बाद जिलाधिकारी ने विकासखंड संसाधन केंद्र एवं खंड शिक्षाधिकारी कार्यालय का भी आकस्मिक निरीक्षण किया। प्रशिक्षण सभागार में निपुण भारत मिशन के अंतर्गत एफएलएन तथा एनसीईआरटी की पाठ्यपुस्तकों पर आधारित पांच दिवसीय ब्लॉक स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल शिक्षकों और शिक्षामित्रों से वार्ता की।डीएम ने प्रशिक्षण में दी जा रही जानकारी के संबंध में जानकारी प्राप्त की और प्रशिक्षणार्थियों को आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण में बताए गए बिंदुओं को पूरी गंभीरता से सीखकर विद्यालयों में लागू किया जाए, ताकि विद्यार्थियों के ज्ञान और सीखने की क्षमता में प्रभावी सुधार हो सके।