
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। लगातार हो रही बारिश के बीच जिलाधिकारी शशांक चौधरी और पुलिस अधीक्षक सरवणन टी ने शनिवार को गौरीगंज तहसील के बिहारीगंज गांव का दौरा किया। अधिकारियों ने गुलालपुर ड्रेन का निरीक्षण कर जल निकासी की स्थिति का जायजा लिया और संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए।डीएम ने राजस्व अधिकारियों को बारिश से फसलों को हुए नुकसान का तत्काल सर्वे कर समयबद्ध रिपोर्ट देने को कहा, ताकि प्रभावित किसानों को नियमानुसार सहायता मिल सके। उन्होंने जलभराव वाले क्षेत्रों में पानी निकासी की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने अधूरे पंचायत भवन, बिजली आपूर्ति की समस्या और पात्र परिवारों को शौचालय योजना का लाभ न मिलने की शिकायत की। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। गांव में पांच से छह भूमिहीन परिवारों की जानकारी मिलने पर पात्रों को नियमानुसार पट्टा आवंटित करने को कहा।जिलाधिकारी ने आगामी दो दिनों तक विशेष सतर्कता बरतने की अपील की। उन्होंने कच्चे और जर्जर मकानों में रहने वालों को सुरक्षित स्थानों पर जाने तथा जलभराव और बिजली के तारों से दूर रहने की सलाह दी। निरीक्षण के दौरान एसडीएम दिशा श्रीवास्तव और नायब तहसीलदार अनुश्री त्रिपाठी सहित अधिकारी मौजूद रहे।