
पारदर्शी विकास न्यूज़ वाराणसी। क्रिमसन वर्ल्ड स्कूल की कक्षा 12 की छात्रा सुधि सिंह की डॉक्यूमेंट्री फिल्म ‘द डोम्स: किंग्स ऑफ द पायर’ को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिली है। फिल्म में काशी के हरिश्चंद्र घाट सहित अन्य श्मशान घाटों पर अंतिम संस्कार से जुड़े डोम समुदाय के जीवन, सामाजिक-आर्थिक परिस्थितियों और स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों को संवेदनशीलता से प्रस्तुत किया गया है। फिल्म को कई अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोहों में पुरस्कार और सम्मान मिले हैं। एशियन इंडिपेंडेंट फिल्म फेस्टिवल के 12वें सीजन में इसे सर्वश्रेष्ठ नवोदित फिल्म निर्माता श्रेणी में विशेष उल्लेख भी प्राप्त हुआ। वैंकूवर, चेन्नई और नई दिल्ली सहित कई फिल्म समारोहों में इसका चयन हुआ है। सुधि के पिता बरेका में कार्यरत हैं। उनकी उपलब्धि युवा प्रतिभा और सामाजिक सरोकारों का प्रेरक उदाहरण है।