news-details

चार साल बाद भी अधूरी पड़ी हर घर जल योजना की पानी टंकी

You can share this post!

 

 

पारदर्शी विकास ब्यूरो देवरिया सलेमपुर। जनपद देवरिया के सलेमपुर विकासखंड अंतर्गत मधवापुर गांव में ‘हर घर जल योजना’ के तहत निर्माणाधीन पानी की टंकी का कार्य पिछले चार वर्षों से अधूरा पड़ा हुआ है। निर्माण कार्य समय पर पूरा न होने से ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल की सुविधा का लाभ नहीं मिल पा रहा है, जिससे उनमें भारी नाराजगी व्याप्त है।ग्रामीणों के अनुसार गांव में जलापूर्ति के लिए पाइपलाइन बिछाने का कार्य करीब तीन वर्ष पूर्व पूरा कर लिया गया था। इसके लिए गांव की अधिकांश सड़कों को खोदकर पाइप डाले गए, लेकिन आज तक जलापूर्ति शुरू नहीं हो सकी। पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़कों की समुचित मरम्मत भी नहीं कराई गई, जिसके कारण जगह-जगह गड्ढे बने हुए हैं और आए दिन लोग दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं।ग्रामीणों का कहना है कि कई बार गांव के लोगों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग का ध्यान इस समस्या की ओर आकर्षित किया। जिलाधिकारी एवं उपजिलाधिकारी को भी कई बार शिकायत की गई, लेकिन अब तक न तो संबंधित विभाग ने कोई प्रभावी कार्रवाई की और न ही ठेकेदार द्वारा निर्माण कार्य पूरा कराया गया।सबसे गंभीर विषय यह है कि पानी टंकी के लिए कराई गई बोरिंग के बाद बोरवेल खुला छोड़ दिया गया है, जो किसी बड़े हादसे को न्योता दे रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि खेलते समय कोई बच्चा इस खुले बोरवेल में गिर जाता है तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल बोरवेल को सुरक्षित कराने की मांग की है।ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि योजना की धीमी प्रगति और अधिकारियों की उदासीनता के कारण लाखों रुपये की परियोजना अधर में लटकी हुई है। उनका कहना है कि यदि जल्द ही निर्माण कार्य पूरा कर जलापूर्ति शुरू नहीं की गई तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे।इस दौरान ग्राम प्रधान हरिश्चंद्र पांडेय उर्फ गुड्डू, प्रकाश पांडेय, नवीन पांडेय, पूर्व प्रधान खुर्शीद अहमद उर्फ पप्पू, रतन, ददन पांडेय सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई कर योजना को पूर्ण कराने तथा खुले बोरवेल को सुरक्षित कराने की मांग की।ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मामले की जांच कराकर जिम्मेदार अधिकारियों एवं ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई करने तथा शीघ्रातिशीघ्र पानी की टंकी का निर्माण पूरा कर गांव में नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की है।