news-details

बसपा ने जलालपुर से डा दयाराम राजभर को प्रत्याशी घोषित किया

You can share this post!

 

 

अम्बेडकर नगर।  बहुजन समाज पार्टी ने शुक्रवार को अयोध्या मंडल की एक और विधानसभा सीट पर प्रत्याशी घोषित किया है। जलालपुर में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यकर्ता सम्मेलन में बहुजन समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विश्व नाथ पाल ने डा दयाराम राजभर को प्रभारी और प्रत्याशी घोषित किया है।डा दयाराम राजभर बसपा में लम्बे समय से काम कर रहे हैं, एक समय में वे पूर्व मंत्री और बसपा के राष्ट्रीय महासचिव रहे राम अचल राजभर के करीबी माने जाते थे।राम अचल राजभर बसपा से निष्कासित हैं। उनकी कमी को पूरा करने के लिए बसपा  डॉ दयाराम राजभर को विधायक बनाने की पूरी तैयारी कर ली है।  प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि देश में छः राष्ट्रीय पार्टियां हैं। बहुजन समाज पार्टी को छोड़कर सभी पार्टियां जातिवादी, संविधान विरोधी और आरक्षण विरोधी हैं। मान्यवर कांशीराम साहब के कथन की याद दिलाई और कहा कि कांग्रेस नागनाथ है, भाजपा सांपनाथ है। समाजवादी पार्टी कोई दल नहीं परिवार डेवलपमेंट एलांइस है।सपा ने बहुजन महापुरुषों को सबसे अधिक अपमान किया और एस सी/एस टी के आरक्षण को खत्म करने में अग्रणी भूमिका निभाई है। सपा में शामिल होकर राजनीति करने वाले नेताओं को स्वार्थी,मिशन विरोधी और धोखेबाज बताया।  प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस, भाजपा,सपा तीनों पार्टियां जातिवादी और आरक्षण विरोधी हैं।  जिन लोगों ने सदियों से खेती, नौकरी, रोजगार, मंदिर , राजनीति,शासन प्रशासन आदि सभी तरह के संसाधनों पर अधिकार जमाए रखा है,वहीं लोग आरक्षण का विरोध कर रहे हैं।  प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 1984के पहले पिछड़ी जातियों की राजनीति में कोई पूंछ नहीं थी। मान्यवर कांशीराम और बहन मायावती जी ने देश व्यापी संघर्ष करके पिछड़ी जातियों के हक अधिकार की लड़ाई लडी और मंडल कमीशन की रिपोर्ट लागू कराई।  कार्यकर्ता सम्मेलन की अध्यक्षता पूर्व एम एल सी और नेता विधान परिषद दिनेश चन्द्रा ने की। उन्होंने कहा कि बाबा साहब डॉ अम्बेडकर के मानवतावादी मूवमेंट को आगे बढ़ाने के लिए मान्यवर कांशीराम साहब ने अपनी पूरी जिंदगी दांव पर लगा दी। उनके नक्शे कदम पर बहन मायावती जी ने भी अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया है। बसपा राजनीतिक दल से अधिक एक विचारधारा है, जो भारतीय संविधान की व्यवस्थाओं के अनुरूप शासन व्यवस्था की स्थापना के लिए संघर्षरत है। कार्यकर्ता सम्मेलन का संचालन मुख्य मंडल प्रभारी दिलीप कुमार विमल ने किया।  मंडल प्रभारी अरविंद गौतम, अकबरपुर के प्रभारी मनोज वर्मा,राम नयन निर्दोष,के डी गौतम, जिला अध्यक्ष सुनील सावंत गौतम, मनीष चौधरी आदि ने कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया।